पटना: जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर अपना रुख खुलकर सामने रख दिया है। पार्टी की ओर से मनाने की कोशिशों के बावजूद अनंत सिंह नीरज कुमार के समर्थन में आने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने साफ कहा है कि वह नीरज कुमार के खिलाफ खड़े रहेंगे और उनकी जमानत जब्त कराने की बात कही है।
अनंत सिंह ने कहा कि उनका विरोध जेडीयू से नहीं, बल्कि नीरज कुमार से है। उन्होंने पुराने विवादों का जिक्र करते हुए नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उन्होंने पहले भी उनके खिलाफ काम किया है। अनंत सिंह ने इस पूरे मामले में नार्को टेस्ट तक कराने की बात कही।
मोकामा विधायक ने यह भी ऐलान किया कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में वह संभावित प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन करेंगे। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब जेडीयू संगठन चुनाव की तैयारियों में जुटा है।
शुक्रवार को जेडीयू विधानमंडल दल की बैठक में अनंत सिंह की गैरमौजूदगी भी चर्चा में रही। वहीं, इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नालंदा के पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा की थी।
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक मतभेद अब खुले बयान और चुनावी विरोध तक पहुंच गए हैं। ऐसे में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव जेडीयू के भीतर चल रहे इस विवाद के कारण भी चर्चा में है।
ये खबर भी पढ़े: JDU की अहम बैठक में बड़े चेहरे गायब, ललन सिंह-अनंत सिंह नहीं पहुंचे; अंदरूनी मतभेद पर उठे सवाल!