सीतामढ़ी: जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद एजाज पर पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इसके बाद कोर्ट से कुर्की-जब्ती का वारंट लेकर शुक्रवार को डुमरा थाना पुलिस ने उसके घर पर कार्रवाई की।
यह कार्रवाई एडिशनल एसपी आशीष आनंद के नेतृत्व में की गई। पुलिस के मुताबिक एजाज डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया का रहने वाला है। उसके खिलाफ सीतामढ़ी में आठ और मुजफ्फरपुर में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में हत्या, लूट, रंगदारी और डकैती जैसे गंभीर मामलों का उल्लेख है।
मामला 12 सितंबर की सुबह का है। पुलिस के अनुसार बैद्यनाथ महतो मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर हमला किया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था और पुलिस टीम पर पथराव तथा वाहनों में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी।
हत्याकांड के बाद पुलिस ने नामजद और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी। इसी क्रम में एजाज के खिलाफ पहले इनाम घोषित किया गया और गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय से कुर्की-जब्ती की अनुमति ली गई।
एसपी अमित रंजन ने कहा कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत इनाम और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
अब पुलिस की नजर एजाज के संभावित ठिकानों पर है। लगातार छापेमारी और घर की कुर्की के बाद पुलिस का मकसद फरार आरोपी तक पहुंचना और मामले में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करना है।
ये खबर भी पढ़े: PM मोदी पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल, मुंगेर में RJD नेता गिरफ्तार; मोबाइल जब्त, मूल क्रिएटर की तलाश!