गोपालगंज: गोपालगंज के उचकागांव थाना क्षेत्र के दहीभत्ता गांव निवासी 30 वर्षीय सिविल इंजीनियर दीपक ठाकुर की असम के नगांव जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दीपक का शव कंपनी के समीप स्थित एक तालाब से बरामद होने के बाद गांव में मातम पसरा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, दीपक ठाकुर असम के नगांव जिले स्थित कामपुर चीनी मिल में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि 16 सितंबर को वह अचानक कंपनी और अपने कमरे से लापता हो गए। काफी तलाश के बाद अगले दिन कंपनी के पास स्थित एक तालाब से उनका शव बरामद किया गया।
गर्दन पर चोट के निशान का परिजनों ने किया दावा
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दीपक की गर्दन पर चाकू से वार किया गया और इसके बाद शव को तालाब में फेंका गया। परिवार ने इसे हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और मौत की परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
कंपनी मैनेजर और सहकर्मियों पर परिजनों ने जताया शक
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कंपनी के मैनेजर और कुछ सहकर्मियों की भूमिका पर भी संदेह जताया है। परिवार का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच किसी भी स्तर पर प्रभावित नहीं होनी चाहिए और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जानी चाहिए।
मृतक के भाई गुलाब ठाकुर ने असम सरकार से मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो।
सांसद प्रतिनिधि ने परिवार से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोपालगंज के सांसद प्रतिनिधि रामाशीष सिंह भी दहीभत्ता गांव स्थित मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और बिहार सरकार से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही असम सरकार और पुलिस से समन्वय कर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की अपील की।
फिलहाल आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दीपक ठाकुर के शव को असम से उनके पैतृक गांव दहीभत्ता लाने की तैयारी चल रही है। युवा इंजीनियर की मौत से परिवार के साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ये खबर भी पढ़े: कबड्डी स्टार पवन शेरावत ने जापान में थामा तिरंगा, भारत का किया नेतृत्व!
गोपालगंज से अनुज कुमार कि रिपोर्ट…