सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 लाख रुपये के इनामी तीन हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये का इनामी रवि सरदार और उसकी पत्नी मीना पहाड़िया शामिल हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक मीना पहाड़िया नक्सली संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती थी। उसके पास से AK-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मीना और उसका पति लंबे समय से इलाके में नक्सली गतिविधियों को संचालित करने में शामिल थे।
खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घेराबंदी के बाद तीनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान एक AK-47 राइफल, एक पिस्टल, कारतूस और नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नक्सली कई हिंसक घटनाओं और संगठन विस्तार की गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी को सुरक्षा बल बड़ी कामयाबी मान रहे हैं। पूछताछ के दौरान नक्सली संगठन से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
संयुक्त अभियान के बाद इलाके में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा बल अब इनके संपर्कों और संगठन की आगे की गतिविधियों की जांच कर रहे हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: बयान ऐसा कि पटना से दिल्ली तक चर्चा… भाई वीरेंद्र ने शक्ति यादव को क्यों दी चेतावनी?