बोकारो: बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी कर्मचारी को ₹8 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर शौचालय निर्माण योजना की बकाया राशि जारी करने के एवज में घूस मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, संवेदक ने ACB को शिकायत दी थी कि ओरदाना 10+2 उच्च विद्यालय में शौचालय निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद भुगतान की शेष राशि जारी करने के लिए बड़ा बाबू गुलाम रसूल द्वारा ₹10 हजार की मांग की जा रही थी। बाद में यह सौदा ₹8 हजार में तय हुआ।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB धनबाद ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप टीम का गठन किया गया।
गुरुवार को टीम ने पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर के पुराने भवन में जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने परिवादी से ₹8 हजार लिए, उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई।
गिरफ्तार आरोपी मो. गुलाम रसूल प्रखंड कार्यालय में सहायक उर्दू अनुवादक के साथ-साथ प्रधान सहायक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहा था। ACB ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: जमशेदपुर अब चापड़पुर? — सरयू राय के बयान से मचा सियासी तूफान, सड़क से सदन तक गूंज!