पटना: बिहार के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। राज्य को पहली बार तलवारबाजी विश्व कप की मेजबानी मिलने जा रही है। जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में राजगीर में कैडेट और जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की तलवारबाजी विश्व कप प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन से बिहार अंतरराष्ट्रीय तलवारबाजी के नक्शे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एशियाई तलवारबाजी महासंघ के महासचिव एवं भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने गुरुवार को बिहार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर राज्य में तलवारबाजी के विकास और विस्तार पर चर्चा की। इसके बाद पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में भी खेल प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
राजगीर में विश्व कप, 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी की उम्मीद
बैठक में जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में राजगीर में कैडेट और जूनियर वर्ग के बालक-बालिका तलवारबाजी विश्व कप के आयोजन पर सहमति बनी। प्रस्तावित प्रतियोगिता में करीब 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इससे राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन का अनुभव मिलेगा। साथ ही बिहार के खिलाड़ियों को विदेशी खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा देखने और विश्वस्तरीय खेल वातावरण से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
राजगीर में बनेगा तलवारबाजी का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
विश्व कप के आयोजन के साथ बिहार में तलवारबाजी के लिए दीर्घकालिक प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। राजगीर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना पर सहमति बनी है। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
गांव-कस्बों से खोजी जाएंगी नई खेल प्रतिभाएं
बैठक में तलवारबाजी को केवल बड़े शहरों तक सीमित न रखकर राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में फैलाने की योजना पर भी विचार किया गया। भारतीय तलवारबाजी महासंघ के सहयोग से पूरे बिहार में नई प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी। इसके अलावा प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने, तकनीकी अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने और कार्यशालाओं के आयोजन की योजना बनाई गई है।
इन कार्यक्रमों को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और भारतीय तलवारबाजी महासंघ आपसी सहयोग से आगे बढ़ाएंगे। इसका उद्देश्य राज्य में तलवारबाजी के लिए मजबूत आधार तैयार करना और बिहार के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
खेल पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
इस अवसर पर भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, शंकरण ने उन्हें ज्ञान, शांति और बिहार की गौरवशाली विरासत के प्रतीक बोधिवृक्ष का पौधा भेंट किया। कार्यक्रम में गुजरात तलवारबाजी संघ के महासचिव भरत भी मौजूद रहे।
राजगीर में प्रस्तावित विश्व कप और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की पहल से बिहार में तलवारबाजी के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। अब नजरें जनवरी 2027 पर टिकी हैं, जब दुनिया के कई देशों के युवा तलवारबाज राजगीर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
ये खबर भी पढ़े: नशे के खिलाफ एकाढ़ा के विद्यार्थियों ने बुलंद की आवाज, गांव की गलियों में निकाली जागरूकता रैली!