लखीसराय: आगामी 12 दिसंबर 2026 को जिला व्यवहार न्यायालय में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सक्रियता बढ़ा दी है। गुरुवार को प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर के प्रकोष्ठ में जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों के साथ बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय लोक अदालत में चिह्नित मामलों के पक्षकारों तक नोटिस पहुंचाने और अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि विभिन्न न्यायालयों से राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल किए जाने योग्य अभिलेखों को चिह्नित किया जा रहा है। इन मामलों के पक्षकारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्री-लिटिगेशन मामलों में भी संबंधित पक्षकारों को नोटिस निर्गत किया जा रहा है।
समय पर नोटिस तामिला कराने की जिम्मेदारी
सचिव विधानंद सागर ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जारी किए गए सभी नोटिसों का समय पर तामिला कराना सुनिश्चित करें। नोटिस तामिला के बाद संबंधित प्रतिवेदन भी निर्धारित समय के भीतर जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में जमा करने को कहा गया, ताकि लोक अदालत की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी की जा सके।
लंबित मामलों के निस्तारण के लिए जागरूकता पर जोर
बैठक में थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया। पक्षकारों को इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया, ताकि आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लंबित वादों का निस्तारण किया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार का प्रयास है कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को विवादों के समाधान का सरल और सुलभ अवसर मिले। इसके लिए नोटिस तामिला से लेकर लोगों को जागरूक करने तक की जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारियों को सौंपी गई है।
ये खबर भी पढ़े: अररिया में मातम में बदली तिलक समारोह की खुशियां, नदी में गिरी स्कॉर्पियो; 6 की मौत, एक गंभीर!
