नालंदा: जिस खून की एक बूंद किसी की जिंदगी बचा सकती है, उसी खून के नाम पर पैसे वसूली का आरोप सामने आया है। बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में एक महिला गार्ड पर मरीज के परिजनों से ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर 13 हजार रुपये लेने का गंभीर आरोप लगा है।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार ने अस्पताल उपाधीक्षक को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है।
प्रसव पीड़ा के बीच शुरू हुआ पैसों का खेल!
बिंद थाना क्षेत्र के जमसारी गांव निवासी रौशन कुमार ने शिकायत में बताया कि उनकी बहन के प्रसव के दौरान डॉक्टरों ने दो यूनिट रक्त की जरूरत बताई थी।
इसी दौरान अस्पताल में तैनात एक महिला गार्ड ने खून की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया। आरोप है कि दो यूनिट ब्लड दिलाने के नाम पर महिला गार्ड ने परिजनों से 13 हजार रुपये ले लिए।
ब्लड के लिए पैसे भी लिए, रक्तदान भी कराया!
पीड़ित परिवार का आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी उनसे ब्लड बैंक में दो यूनिट रक्तदान कराया गया। इसके बाद उन्हें पूरे मामले पर शक हुआ और उन्होंने अस्पताल प्रशासन से शिकायत की।
गरीब मरीजों की मजबूरी का फायदा?
सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने आने वाले कई ग्रामीण मरीज और उनके परिजन नियमों की पूरी जानकारी नहीं रखते हैं। ऐसे में बिचौलियों के सक्रिय होने की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं।
आरोप है कि कुछ लोग मरीजों की मजबूरी और जल्द इलाज की जरूरत का फायदा उठाकर उनसे पैसे वसूलते हैं।
जांच में खुलेगा सच
मॉडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित महिला गार्ड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: नालंदा में ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर पर चोरों का धावा, पालकालीन मूर्तियां चोरी होने से मचा हड़कंप!