पटना: बिना उचित कारण चेन पुलिंग कर ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकने वालों के खिलाफ पूर्व मध्य रेलवे ने सख्ती तेज कर दी है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘समय पालन’ के तहत अक्टूबर महीने में बड़ी कार्रवाई की गई है। 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न रेलखंडों में अवैध रूप से चेन पुलिंग करने के आरोप में 1014 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनसे जुर्माने के रूप में कुल 4 लाख 39 हजार रुपये वसूल किए गए।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, बिना पर्याप्त कारण चेन पुलिंग करने से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होता है और यात्रियों को अनावश्यक विलंब का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या पर रोक लगाने के उद्देश्य से आरपीएफ की टीमें विभिन्न रेलखंडों में लगातार निगरानी रख रही हैं। ऑपरेशन ‘समय पालन’ के तहत ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
दानापुर मंडल में सबसे ज्यादा 515 लोग पकड़े गए
अक्टूबर महीने में हुई कार्रवाई के आंकड़ों के मुताबिक, चेन पुलिंग के मामलों में दानापुर मंडल सबसे आगे रहा। यहां से 515 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा समस्तीपुर मंडल में 180, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 136, सोनपुर मंडल में 116 और धनबाद मंडल में 67 लोगों को पकड़ा गया।
रेलवे सुरक्षा बल ने इन सभी के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की। रेलवे का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचाना और ट्रेनों के समयबद्ध परिचालन को सुनिश्चित करना है।
महिला कोच में पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी चला अभियान
ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे की ओर से ऑपरेशन ‘महिला सुरक्षा’ भी चलाया जा रहा है। इसके तहत महिला कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ विशेष धरपकड़ अभियान चलाया गया।
1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 के बीच विभिन्न रेलखंडों पर महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में 25 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया। इन सभी के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत कार्रवाई की गई। रेलवे सुरक्षा बल ने इनसे जुर्माने के रूप में 23 हजार रुपये वसूल किए।
ट्रेनों में नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी निगरानी
पूर्व मध्य रेलवे का कहना है कि ट्रेनों में अनावश्यक चेन पुलिंग और महिला कोच में पुरुष यात्रियों की अवैध मौजूदगी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। आरपीएफ की टीमें विभिन्न रेलखंडों में अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेल यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें। बिना उचित कारण चेन पुलिंग करने से न केवल ट्रेन का परिचालन प्रभावित होता है, बल्कि दूसरे यात्रियों को भी परेशानी होती है। वहीं, महिला कोच महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए निर्धारित हैं, इसलिए उनमें अनधिकृत रूप से यात्रा करने से बचना चाहिए।
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने दी।
ये खबर भी पढ़े: अब कोर्ट के चक्कर से मिलेगी राहत; 21 नवंबर को विशेष और 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, जागरूकता रथ रवाना!