रांची: झारखंड में सरकारी नौकरी की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक JPSC को लेकर उठे सवालों ने अब बड़ा मोड़ ले लिया है। कथित मेधा घोटाले की जांच कर रही CID ने सोमवार को ऐसा शिकंजा कसा कि एक साथ कई जिलों में हड़कंप मच गया। रांची से लेकर धनबाद, बोकारो और देवघर तक CID की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर पहुंचीं और घंटों तक जांच-पड़ताल करती रहीं।
कहा जा रहा है कि यह कार्रवाई सिर्फ छापेमारी नहीं, बल्कि उस नेटवर्क की तलाश है जिस पर परीक्षा की पारदर्शिता से खिलवाड़ करने का शक है। जांच एजेंसी उन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, जिनसे कथित तौर पर परीक्षा में गड़बड़ी का रास्ता खुला।
रात से शुरू हुई कार्रवाई, कई ठिकाने रडार पर
CID और रांची पुलिस की संयुक्त टीमों ने 15 से ज्यादा स्थानों पर दबिश दी। नामकुम, धुर्वा समेत रांची के कई इलाकों में जांच चली। इसके अलावा धनबाद, बोकारो, देवघर, गोड्डा और रामगढ़ में भी संदिग्धों के ठिकानों को खंगाला गया।
जांच टीमों ने दस्तावेज, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड की तलाश की। कई जगहों पर अधिकारियों ने अंदर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की।
11 गिरफ्तारियों के बाद खुला बड़ा राज?
JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी मामले में पहले ही 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सूत्रों की मानें तो पूछताछ में मिले इनपुट के बाद CID ने यह बड़ा ऑपरेशन शुरू किया।
अब जांच का दायरा परीक्षा से जुड़े दलालों, एजेंसी और कुछ कोचिंग नेटवर्क तक पहुंच गया है। सवाल यह है कि क्या परीक्षा में गड़बड़ी के पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा था?
कोचिंग सेंटर और परीक्षा एजेंसी भी जांच के घेरे में
CID की नजर उन लोगों पर भी है, जिनकी भूमिका परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी रही है। परीक्षा संचालित करने वाली एजेंसी TDPL से जुड़े लोगों और कुछ कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
युवाओं के सपनों पर चोट या बड़ा खुलासा?
JPSC जैसी परीक्षा लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती है। ऐसे में अगर इसमें किसी तरह की धांधली साबित होती है तो यह सिर्फ एक परीक्षा विवाद नहीं, बल्कि व्यवस्था पर बड़ा सवाल होगा।
फिलहाल CID की कार्रवाई जारी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच की अगली कड़ी में कौन-कौन से नाम सामने आते हैं और कथित मेधा घोटाले की असली कहानी क्या निकलकर आती है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: सावन में कांवड़ियों पर चढ़ा सेल्फी का खुमार, भोले की भक्ति के साथ यादों को कैमरे में कैद कर रहे शिवभक्त!