दरभंगा: जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह स्कूल परीक्षा देने जा रही 10वीं की नाबालिग छात्रा के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया। आरोप है कि किरतपुर अस्पताल के पास बाइक सवार तीन युवकों ने छात्रा को रोककर जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की। छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर पास की एक दुकान में पहुंची।
छात्रा के अनुसार, शोर मचाने के बाद आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी छात्रा ने अपने शिक्षकों को दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 और जमालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को सुरक्षित अपने साथ ले गई।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने छात्रा से घटना की जानकारी लेने के बाद जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को मामले की गंभीरता से जांच और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बाइक सवार युवकों की पहचान की जा सके।
प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा के अपहरण के प्रयास को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
ये खबर भी पढ़े: जमुई वायरल वीडियो मामले में 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल पर FIR, पीड़िता की पहचान उजागर करने पर पुलिस सख्त!