मुंगेर: प्रमोशन की खुशी में सजाई गई पार्टी में जश्न का माहौल था। टेबल पर शराब और मटन-चिकेन था, लेकिन कुछ ही देर में पार्टी का रंग ऐसा बदला कि खुशी का जश्न पुलिस केस में तब्दील हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में लाइसेंसी बंदूक निकालकर फायरिंग कर दी गई। गोलियों की आवाज ने आसपास के लोगों को डरा दिया और पुलिस पहुंचते ही पार्टी में शामिल लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेटवन बाजार स्थित अरगड़ा रोड, दुर्गा स्थान के समीप शुक्रवार रात की बताई जा रही है। पुलिस को पार्टी के दौरान फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद कासिम बाजार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान की घेराबंदी की और वहां मौजूद पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जश्न के बीच निकली बंदूक, खिड़की से हुई फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, किराये के मकान में प्रमोशन की खुशी में पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान कमरे में रखी लाइसेंसी दोनाली बंदूक निकाली गई और कथित तौर पर खिड़की से कई राउंड फायरिंग की गई।
लगातार गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। पुलिस की छापेमारी के बाद घटनास्थल से एक लाइसेंसी डीबीएल गन, 14 जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए गए।
प्रमोशन की खुशी में जुटे थे बैंककर्मी
बताया गया कि बड़ी बाजार स्थित आईसीआईसीआई बैंक की उपशाखा के प्रबंधक सुधांशु सहाय के प्रमोशन की खुशी में पार्टी रखी गई थी। पार्टी में बैंक के कर्मचारियों के साथ अन्य लोग भी मौजूद थे।
पुलिस ने सुधांशु सहाय, राहुल कुमार सहनी, शशांक शेखर सिंह और आशीष कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी के अनुसार, सभी गिरफ्तार लोगों की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।
जिस गन से चली गोलियां, वह बैंककर्मी की नहीं थी
जांच में पुलिस को पता चला कि फायरिंग में इस्तेमाल लाइसेंसी हथियार कैश वैन गार्ड रामबल्ली के नाम पर है। रामबल्ली धरहरा प्रखंड के बरमन्नी गांव का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, रामबल्ली अपनी लाइसेंसी बंदूक सुधांशु सहाय के घर पर रखकर धरहरा चला जाता था। आरोप है कि इसी हथियार को पार्टी के दौरान निकालकर फायरिंग की गई।
अब जश्न नहीं, केस और लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
वहीं, लाइसेंसी हथियार का लाइसेंस रद्द कराने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजने की तैयारी है।
यानी जिस प्रमोशन की खुशी में पार्टी शुरू हुई थी, वही जश्न कुछ घंटों में गोलियों की आवाज, पुलिस की छापेमारी और गिरफ्तारी में बदल गया।
ये खबर भी पढ़े: मोतिहारी में वर्दी नहीं, सादे लिबास में ‘वसूली’ का खेल; ग्रामीणों ने दो सिपाहियों को पकड़ा, अब FIR के बाद जेल की तैयारी!
मुंगेर से मनीष कुमार की रिपोर्ट…