पलामू: जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पलामू पुलिस ने देर रात बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में देर रात तक जमावड़ा लगाने वालों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई।
पुलिस की अचानक कार्रवाई से देर रात अड्डा जमाने वालों में हड़कंप मच गया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों से पूछताछ की और उनके बारे में जानकारी जुटाई।
अभियान के दौरान खुलेआम शराब पीने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी कर शराब का सेवन करने और सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने वालों को पकड़ा। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि देर रात होने वाली अड्डेबाजी कई बार अपराध की घटनाओं का कारण बनती है। नशे की हालत में छोटे विवाद भी बड़े अपराधों में बदल जाते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने अपराध होने से पहले ही रोकथाम के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, बेवजह जमावड़ा लगाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों के अनुसार, जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: बांका में वज्रपात से 6 की मौत, 7 झुलसे; कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित!