कटिहार: कटिहार में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को किराये के मकान में ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने दो रेलवे लोको पायलट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार और विनय कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी चंदन कुमार पर युवती को नौकरी का झांसा देने और दुष्कर्म करने का आरोप है, जबकि विनय कुमार दास पर घटना में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।
रेलवे स्टेशन पर हुई थी युवती से मुलाकात
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को घर से नाराज होकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची युवती की मुलाकात असिस्टेंट लोको पायलट चंदन कुमार से हुई थी। आरोप है कि चंदन ने युवती को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके बाद उसे सहायक थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित अपने किराये के मकान पर ले गया।
युवती ने आरोप लगाया कि इसी मकान में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मामले को लेकर पीड़िता ने 28 सितंबर को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के 12 घंटे के भीतर दोनों गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद कटिहार पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। डीएसपी आसिफ आलम के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी चंदन कुमार ने युवती के साथ दुष्कर्म की बात स्वीकार की है। वहीं, विनय कुमार दास पर घटना में सहयोग करने का आरोप है।
दोनों रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कटिहार रेल मंडल में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।
ये खबर भी पढ़े: विक्रमशिला सेतु पर पुलिसकर्मी से उलझे पूर्व विधायक के बेटे आशीष मंडल, वीडियो वायरल!