दरभंगा: सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ डांस करते हुए वीडियो वायरल होना एक महिला को भारी पड़ गया। घनश्यामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। छापेमारी के दौरान उसके घर से हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 29 जुलाई को घनश्यामपुर थाना के सरकारी नंबर पर एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें एक महिला पिस्टल के साथ डांस करती नजर आ रही थी। वीडियो की पुष्टि स्थानीय चौकीदारों के माध्यम से कराई गई, जिसके बाद महिला की पहचान सिरसिया गांव निवासी लाखो देवी (पति राम गुलाम यादव) के रूप में हुई।
पहचान के बाद थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर महिला के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर में रखे एक बक्से से एक पिस्टल (मैगजीन सहित), एक अतिरिक्त मैगजीन, दो जिंदा कारतूस (KF 7.65 अंकित), वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 160 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, महिला के पास से मिले हथियार और कारतूस अवैध थे। इस मामले में लाखो देवी को गिरफ्तार कर घनश्यामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसडीपीओ ने यह भी बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ पहले से भी मारपीट के एक मामले (कांड संख्या 151/25) में केस दर्ज है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष आलोक कुमार, पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार, सतीश कुमार, आकृति कुमारी, महिला सिपाही अंतिमा कुमारी, पूजा कुमारी, खुशबू सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के गैरकानूनी और भ्रामक वीडियो पोस्ट करने से बचें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: National News: नेपाल सरकार और मृतकों के परिजनों के बीच 7 सूत्रीय समझौता, हर परिवार को ₹10 लाख सहायता और नौकरी का आश्वासन!