शेखपुरा: रेलवे यात्रियों की सुविधाओं में सुधार को लेकर एक अहम पहल सामने आई है। पूर्व मध्य रेलवे के डीआरयूसीसी सदस्य रणजीत कुमार सिंह उर्फ़ बुद्धन भाई ने दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।
उन्होंने पत्र के माध्यम से बताया कि लंबे समय से यात्रियों की समस्याओं को लेकर आवेदन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। ऐसे में अब एक बार फिर यात्रियों की सुविधा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से सिरारी रेलवे स्टेशन पर यूटीएस (PRS) आरक्षण काउंटर खोलने की मांग की गई है, ताकि स्थानीय यात्रियों को टिकट के लिए भटकना न पड़े। इसके अलावा गाड़ी संख्या 15619/15620 (कामाख्या एक्सप्रेस) के ठहराव की भी मांग की गई है।
साथ ही, सिरारी में रेलवे का खेल मैदान बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा मिल सके।
वहीं शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई गई है। इसमें गाड़ी संख्या 12349/12350 समेत अन्य ट्रेनों के स्टॉपेज की बात कही गई है। इसके अलावा 22499/22500 और 11427/11428 जैसी ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी अनुरोध किया गया है।
रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और जिले का संपर्क देश के बड़े शहरों से बेहतर होगा।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और क्षेत्र के विकास को गति मिल सके।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : चमकी बुखार पर हाई अलर्ट, शेखपुरा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी समीक्षा बैठक!