नालंदा: त्योहार से पहले नालंदा जिले के हरनौत में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मंगलवार देर रात एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार घूमने निकले पांच दोस्तों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लड़कों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का बिहार शरीफ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से चालक ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दो सगे भाइयों समेत तीन की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सबनहुआडीह गांव निवासी 19 वर्षीय गौतम कुमार और हरनौत आदर्शनगर निवासी प्रदीप जायसवाल के दो बेटों 15 वर्षीय अभिमन्यु उर्फ मनु तथा 13 वर्षीय अनीश कुमार के रूप में हुई है। अभिमन्यु और अनीश सगे भाई थे। दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, हादसे में घायल हरनौत निवासी 14 वर्षीय अमित कुमार और रवि कुमार को गंभीर हालत में बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का इलाज जारी है।
कुत्ता सामने आने पर बिगड़ा बाइक का संतुलन
अस्पताल में भर्ती घायल अमित कुमार के मुताबिक, मंगलवार देर रात पांचों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार की ओर घूमने निकले थे। बाइक गौतम चला रहा था। जब वे पिलर नंबर 51 के पास पहुंचे, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया।
अमित ने बताया कि कुत्ते को बचाने के लिए गौतम ने बाइक मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद पांचों सड़क पर गिर पड़े। सभी को गंभीर चोटें आईं। बताया गया है कि बाइक पर सवार किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
पटाखे जलाने के बाद घूमने निकले थे दोस्त
मृतक गौतम के भतीजे गुड्डू ने बताया कि रात में सभी लोग घर के पास पटाखे जला रहे थे। इसके बाद करीब 10 बजे पांचों दोस्त बाइक लेकर घूमने निकल गए। लगभग आधे घंटे बाद परिजनों को हादसे की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे और घायलों को कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले गए।
वहां चिकित्सकों ने गौतम और अभिमन्यु को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान अनीश ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या तीन हो गई।
एक ही दुकान से जुड़ी थी तीनों की दोस्ती
अभिमन्यु और अनीश के पिता हरनौत बाजार में किराना दुकान चलाते हैं। गौतम भी इसी दुकान में काम करता था। इसी वजह से तीनों के बीच जान-पहचान और दोस्ती थी। एक साथ समय बिताने वाले तीन दोस्तों की मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार से पहले हुए इस हादसे के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा है। जिस रात परिवारों में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, उसी रात तीन घरों में अपनों को खोने का गम छा गया।
ये खबर भी पढ़े: युवाओं से संवाद का दावा, सवाल आया तो जवाब से किनारा; छात्रा के सवाल पर भाजपा नेता की बोलती बंद?