झांसी: चूहे को मारने के मामले में चार युवकों के खिलाफ FIR दर्ज होने की खबर सामने आई है। सुनने में भले ही यह मामला हैरान करने वाला लगे, लेकिन उत्तर प्रदेश के झांसी में चूहे के साथ कथित क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला तब सामने आया, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें कुछ युवक एक चूहे को पकड़ने के बाद उसके साथ क्रूरता करते नजर आए। आरोप है कि युवकों ने चूहे को रस्सी से बांधकर डंडे से पीटा और फिर लोहे के गेट पर लटका दिया।
वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस
बताया गया है कि चार युवकों ने पहले चूहे को पिंजरे में पकड़ा था। इसके बाद उसे रस्सी से बांध दिया गया। आरोप है कि एक युवक ने चूहे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ देर बाद रस्सी जलकर टूट गई और चूहा नीचे गिर गया। घटना के दौरान चूहे की मौत हो गई।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की गई और चारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
BNS की धारा 325 के तहत FIR, चारों गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में चारों युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस अधिकारी प्रिया सिंह के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही मामले को गंभीरता से लिया गया। जांच के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर पशुओं के प्रति क्रूरता और सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे वीडियो को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
ये खबर भी पढ़े: SIR विवाद के बीच CEC ज्ञानेश कुमार पर पुराना मामला फिर खुला, ₹2 करोड़ रिश्वत मांगने के आरोपों की होगी जांच!