लखीसराय: विश्व बाल दिवस के अवसर पर लाल इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन की ओर से शुक्रवार को नवनिर्मित खेल मैदान का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के साथ ही छात्र-छात्राओं ने नए मैदान पर दौड़ लगाकर और क्रिकेट खेलकर खेल गतिविधियों की शुरुआत की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद विद्यालय की प्राचार्य मनीषा कुमारी, निदेशक मुकेश कुमार और चेयरपर्सन ममता देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर खेल मैदान का उद्घाटन किया। इस मौके पर बच्चों और शिक्षकों के बीच लड्डू का प्रसाद भी वितरित किया गया।

खेल से होगा बच्चों का सर्वांगीण विकास
विद्यालय के निदेशक मुकेश कुमार ने कहा कि विश्व बाल दिवस बच्चों के भविष्य, अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, मनोरंजन और खेल के महत्व को समझने का अवसर है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्राचार्य मनीषा कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए खेल बेहद जरूरी हैं। खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
21 खेल विधाओं की सामग्री उपलब्ध कराने का दावा
प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में कबड्डी, क्रिकेट और वॉलीबॉल सहित 21 खेल विधाओं से संबंधित खेल सामग्री खरीदी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थी स्कूली प्रतियोगिताओं से लेकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।
निदेशक मुकेश कुमार ने कहा कि बच्चों ने स्कूली खेल प्रतियोगिताओं से अपनी शुरुआत की है। उनका लक्ष्य है कि विद्यार्थी अपनी मेहनत और खेल कौशल के दम पर भविष्य में ओलंपिक और कॉमनवेल्थ जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचें।

वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारी शुरू
खेल मैदान के उद्घाटन के साथ ही विद्यालय की तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026 की तैयारियों का भी शुभारंभ किया गया। विद्यालय प्रबंधन को उम्मीद है कि नए मैदान और खेल सामग्री की मदद से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
ये खबर भी पढ़े: शेखपुरा में चार साल से फरार 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, STF की मदद से पुलिस ने दबोचा!
