मुजफ्फरपुर: जयनगर से नई दिल्ली जा रही 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC-2 कोच में सांप दिखाई देने की सूचना से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। शनिवार को ट्रेन के A-2 कोच में एक यात्री ने ऊपरी हिस्से में सांप जैसा जीव देखा और उसका वीडियो बनाकर रेलवे को शिकायत की। घटना के बाद खासकर परिवार और बच्चों के साथ सफर कर रहे यात्रियों में डर का माहौल बन गया।
कोच में सांप दिखा तो यात्रियों में मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक ट्रेन के जयनगर से रवाना होने के बाद यात्री ने कोच के ऊपरी हिस्से में सांप जैसा जीव देखा। देखते ही देखते इसकी जानकारी दूसरे यात्रियों तक पहुंच गई। यात्रियों ने सावधानी बरतते हुए इसकी सूचना ट्रेन के टीटी को दी और रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी शिकायत की।
यात्री अरुण ठाकुर ने घटना का वीडियो भी शेयर किया। उनका कहना था कि AC कोच के अंदर सांप की मौजूदगी की सूचना से यात्रियों, खासकर बच्चों के साथ सफर कर रहे परिवारों में चिंता बढ़ गई।
मुजफ्फरपुर पहुंचते ही खाली कराया गया A-2 कोच
ट्रेन के मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद रेलवे की कैरेज एंड वैगन टीम तथा सुरक्षा कर्मियों ने संबंधित कोच की तलाशी शुरू की। यात्रियों को कोच से बाहर निकालकर करीब एक घंटे तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
रेलवे की टीम ने सीट, बर्थ और कोच के अलग-अलग हिस्सों की जांच की, लेकिन तलाशी के दौरान सांप नहीं मिला।
सांप नहीं मिला तो रेलवे ने बदल दिया पूरा कोच
सर्च ऑपरेशन के बावजूद सांप का पता नहीं चलने पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने A-2 कोच को ट्रेन से अलग करने का फैसला लिया। उसकी जगह दूसरा कोच जोड़ा गया। इसके बाद यात्रियों को नए कोच में शिफ्ट किया गया और ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद व्यवस्था पर सवाल
ट्रेन के AC कोच में सांप दिखाई देने की घटना ने रेलवे की साफ-सफाई और कोच में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि चलती ट्रेन में इस तरह की शिकायत मिलने के बाद तत्काल प्रभाव से जांच और सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत होती है।
हालांकि तलाशी के दौरान सांप नहीं मिलने के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरा A-2 कोच बदल दिया गया, जिसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई।
ये खबर भी पढ़े: सिरिंज-दवाइयों की आड़ में शराब का खेल; कंटेनर से 250 कार्टन विदेशी शराब बरामद, राजस्थान का चालक गिरफ्तार!