लखीसराय: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। पूर्व मध्य रेलवे की ओर से दानापुर और साहिबगंज के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। यह ट्रेन किऊल के रास्ते होकर चलेगी, जिससे बिहार और झारखंड के कई जिलों के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन 2 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार को कुल 5 ट्रिप के लिए संचालित की जाएगी। ट्रेन संख्या 03236/03235 दानापुर-साहिबगंज-दानापुर श्रावणी मेला स्पेशल दानापुर और साहिबगंज दोनों ओर से इंटरसिटी एक्सप्रेस के समय और ठहराव के अनुसार चलेगी।
दानापुर से साहिबगंज जाने वाली ट्रेन का समय
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 03236 दानापुर-साहिबगंज श्रावणी मेला स्पेशल हर रविवार को सुबह 5:15 बजे दानापुर से रवाना होगी। यह ट्रेन किऊल के रास्ते चलते हुए सुबह 10:45 बजे सुलतानगंज पहुंचेगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए दोपहर 1:45 बजे साहिबगंज पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 03235 साहिबगंज-दानापुर श्रावणी मेला स्पेशल साहिबगंज से दोपहर 3:20 बजे खुलेगी और अगले दिन रात 12:30 बजे दानापुर पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव पीरपैंती, भागलपुर, सुलतानगंज, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, फतुहा, पटना साहिब और पटना जंक्शन समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है।
बरबीघा स्टेशन पर भी रुकेगी श्रावणी मेला स्पेशल
श्रावणी मेले को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा-नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का ठहराव भी बढ़ाया है। अब ट्रेन संख्या 03001/03002 का बरबीघा स्टेशन पर तत्काल प्रभाव से दो मिनट का ठहराव दिया गया है।
रेलवे के अनुसार, हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल (03001) सुबह 9:08 बजे बरबीघा पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 9:10 बजे रवाना होगी। वहीं वापसी में नटेसर-हावड़ा स्पेशल (03002) दोपहर 3:10 बजे बरबीघा पहुंचेगी और 3:12 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
रेलवे के इस फैसले से श्रावणी मेले में बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर सुलतानगंज और भागलपुर जाने वाले कांवरियों के लिए यह ट्रेन काफी उपयोगी साबित होगी।
