पटना: छत्तीसगढ़ के रायपुर में 14 और 15 सितंबर को आयोजित SGFI अंडर-18 ताइक्वांडो चयन ट्रायल-2026 में बिहार के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह बनाई है। शेखपुरा के हिमांशु कुमार और गोपालगंज के विशाल कुमार का चयन ISF जिम्नासियाड-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि दोनों खिलाड़ी अब 3 से 8 दिसंबर 2026 तक ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में आयोजित होने वाले ISF जिम्नासियाड-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शेखपुरा के हिमांशु कुमार ने अंडर-51 किलोग्राम वर्ग में अपनी जगह बनाई है, जबकि गोपालगंज के विशाल कुमार का चयन अंडर-68 किलोग्राम वर्ग में हुआ है।
रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि ISF जिम्नासियाड दुनिया भर के स्कूली खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय खेल मंच है। बिहार के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि राज्य के दो अलग-अलग जिलों से आने वाले खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में स्थान बनाया है।
दोनों खिलाड़ियों की सफलता यह भी दिखाती है कि बिहार के जिलों और छोटे शहरों से निकलने वाली खेल प्रतिभाएं बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच रही हैं। उनकी उपलब्धि राज्य के उन युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है, जो अपने जिले से खेल की शुरुआत कर बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखते हैं।
दोनों खिलाड़ियों के चयन में कोच विवेक प्रकाश और मैनेजर खुशबू कुमारी के मार्गदर्शन की भी अहम भूमिका रही।
ये खबर भी पढ़े: ‘पैसे लेकर टिकट’ के आरोप से गरमाया गया का कार्यक्रम; कार्यकर्ता ने खोला मोर्चा तो मंत्री ने छीना माइक, VIDEO वायरल!