पटना: पटना सिविल कोर्ट को शुक्रवार को एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। ईमेल में कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम लेते हुए पटना के एएमबी वर्मा को निशाना बनाने की धमकी दी गई। मेल में एक ‘निर्झर’ नाम के व्यक्ति की हत्या का जिक्र करते हुए बदले की बात कही गई है।
धमकी की सूचना फैलने के बाद एहतियात के तौर पर सिविल कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और मुख्य गेट बंद कर दिया गया। बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम ने पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है।
टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन के मुताबिक, ईमेल में ‘निर्झर जिंदाबाद’ जैसे संदेश के साथ एएमबी वर्मा को गोली मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। पुलिस ने ईमेल की सामग्री को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
ईमेल में कनाडा में कथित तौर पर हुई निर्झर की हत्या का जिक्र भी किया गया है। हालांकि, धमकी में किए गए दावों और इसमें उल्लिखित लोगों की भूमिका की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
धमकी के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के बीच भी चिंता का माहौल रहा। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि कोर्ट को बार-बार धमकियां मिलना गंभीर विषय है और प्रशासन को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। अधिवक्ता दिनकर दुबे ने भी ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
गौरतलब है कि मार्च 2026 में भी पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की बात सामने आई थी। ताजा मामले में पुलिस ईमेल के स्रोत और धमकी की विश्वसनीयता समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ये खबर भी पढ़े: कमरे में मजदूर का शव, पत्नी-बच्चे गायब; मुजफ्फरपुर में हत्या की आशंका से मचा हड़कंप!