मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 स्थित किराए के कमरे में 35 वर्षीय उपेंद्र पासवान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे और आंखों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
उपेंद्र पासवान मूल रूप से मीनापुर के राघोपुर का रहने वाला था और करीब ढाई महीने से चाणक्यपुरी में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहा था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
शुक्रवार सुबह दूध देने पहुंचे व्यक्ति ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा धक्का देने पर खुल गया और कमरे के अंदर उपेंद्र का शव पड़ा मिला। इसके बाद मकान मालिक को सूचना दी गई और डायल-112 पर पुलिस को जानकारी दी गई।
मामले में सबसे अहम बात यह है कि उपेंद्र की मौत के बाद उसकी पत्नी और दोनों बच्चे भी घर से गायब मिले। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। हालांकि पत्नी और बच्चों के गायब होने का मौत से क्या संबंध है, यह अभी जांच का विषय है।
सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। टाउन-2 एसडीपीओ कार्तिकेयन केए ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों, मकान मालिक और मृतक से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि मृतक यहां किराए पर रहता था और मजदूरी करता था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
ये खबर भी पढ़े: JDU में अनंत सिंह का खुला विद्रोह; नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा, बोले- जमानत भी नहीं बचेगी!