पलामू: पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 121 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक लेस्लीगंज में बैंक ऑफ इंडिया का CSP संचालक बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गांजे की यह खेप ओडिशा के संबलपुर से पलामू के हरिहरगंज ले जाई जा रही थी। 25 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से भारी मात्रा में गांजा मेदिनीनगर की ओर लाया जा रहा है। इसके बाद प्रशिक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप के नेतृत्व में सतबरवा थाना के पास वाहन जांच शुरू की गई।
करीब 12:05 बजे पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। कार की डिक्की और आगे की सीट के नीचे छिपाकर रखे 117 पैकेट मिले, जिनमें कुल 121 किलो गांजा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के झाबर गांव निवासी सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू (25) और शम्भू कुमार यादव (30) के रूप में हुई है। सनोज ड्राइवर है, जबकि शम्भू CSP संचालक है।
जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी ओडिशा में अलग नंबर प्लेट और झारखंड में प्रवेश करने के बाद दूसरी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने कार से दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। वाहन मेदिनीनगर निवासी एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है। पुलिस अब वाहन मालिक समेत इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: पटना लाठीचार्ज की गूंज मधेपुरा तक, छात्रों ने फूंका सरकार का पुतला; आंदोलन तेज करने की चेतावनी!