लखीसराय: संविधान दिवस पर लाल इंटरनेशनल स्कूल में सिर्फ भाषण और प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं हुआ, बल्कि बच्चों को संविधान की समझ, रचनात्मक अभिव्यक्ति और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की अनूठी पहल भी देखने को मिली। कार्यक्रम में कक्षा आठ की छात्रा पीहू कुमारी ने जब ‘मैं भारत का संविधान खड़ा हूं…’ कविता का पाठ किया तो सभागार तालियों से गूंज उठा। वहीं, बच्चों के व्यवहारिक ज्ञान और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूल प्रबंधन की ओर से 30 साइकिल और छह सिलाई मशीन उपलब्ध कराई गईं।

भारत के 77वें संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीताराम सिंह, पिपरिया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि रामविलास शर्मा, स्कूल के निदेशक मुकेश कुमार और प्राचार्य मनीषा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा आठ के छात्र कृष्ण जी ने किया। स्कूल परिसर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के पोस्टर और बैनर लगाए गए थे।

पीहू की कविता ने खींचा सबका ध्यान
कार्यक्रम का सबसे भावपूर्ण क्षण तब आया, जब छात्रा पीहू कुमारी ने कवि डॉ. हरिओम पवार की रचना ‘मैं भारत का संविधान खड़ा हूं…’ का काव्य पाठ किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को भावुक कर दिया और खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा छात्र चंदन कुमार और कृष्ण जी ने भी संविधान दिवस पर अपनी काव्य रचनाएं प्रस्तुत कीं।

साइकिल और सिलाई मशीन से हुनर को मिलेगा बढ़ावा
स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों के व्यवहारिक ज्ञान और कौशल विकास के लिए 30 साइकिल तथा छह सिलाई मशीन उपलब्ध कराई गईं। इनमें 10 साइकिल छोटे बच्चों, 10 छात्रों और 10 छात्राओं के लिए रखी गई हैं। वहीं, छह सिलाई मशीन छात्राओं को प्रशिक्षण और हुनर विकसित करने के उद्देश्य से दी गईं।
स्कूल के निदेशक मुकेश कुमार ने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी के साथ दैनिक जीवन में काम आने वाले कौशल का प्रशिक्षण देना भी जरूरी है।

भाषण से लेकर पेंटिंग तक, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
समारोह में भाषण, निबंध लेखन, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और कविता पाठ सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में हर्षवर्धन, यशवर्धन, वैष्णवी कुमारी, पीयूष कुमार, सागर सिंह, आनंद कुमार, सिद्धि, पारुल, सिया रंजन, सुहानी, राधिका, आराध्या, रासबिहारी, शाहिल कुमार, रोहन कुमार, राजवीर कुमार और सौम्या कुमारी ने हिस्सा लिया।

निबंध लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में करिश्मा कुमारी, इशू कुमारी, शालू कुमारी, छोटी कुमारी, कोमल कुमारी और पलक कुमारी ने अपनी प्रतिभा दिखाई। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में आदित्य, अभिषेक, रितिका कुमारी, भव्या कुमारी और अंश कुमार शामिल हुए।

50 सवालों से परखी गई संविधान की समझ
शिक्षक पीयूष कुमार के नेतृत्व में संविधान दिवस पर ओएमआर शीट के माध्यम से क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कक्षा चार से दस तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में संविधान से जुड़े 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए, जिसमें 55 छात्र और 25 छात्राएं शामिल हुईं।

प्राचार्य मनीषा कुमारी ने संविधान दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बच्चों से संविधान की सीख को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक प्रतियोगिता के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 27 नवंबर को प्रार्थना सत्र में पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम ने बच्चों को यह संदेश दिया कि संविधान की जानकारी, रचनात्मक सोच और व्यवहारिक कौशल—तीनों ही बेहतर नागरिक और आत्मनिर्भर भविष्य के निर्माण के लिए जरूरी हैं।
ये खबर भी पढ़े: लखीसराय की विरासत को पहचानेंगे नई पीढ़ी के सितारे! विश्व विरासत सप्ताह का समापन, 23 प्रतिभाओं को DM ने किया सम्मानित!
