पटना: नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाले बिहार के लाल दीपक कुमार का पटना पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। बुधवार को जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खेल प्रेमियों और कबड्डी से जुड़े लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।
बक्सर जिले के रहने वाले दीपक कुमार की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि को बिहार के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है। काठमांडू की धरती पर भारतीय टीम की स्वर्णिम सफलता में योगदान देकर दीपक ने देश के साथ अपने गृह राज्य बिहार का भी मान बढ़ाया है।
पटना एयरपोर्ट पर बिहार स्टेट कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने दीपक कुमार को माला पहनाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ी का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की।
इस मौके पर बिहार के सीनियर कबड्डी खिलाड़ियों ने भी बिहार स्टेट कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन कुमार विजय सिंह का माला पहनाकर स्वागत किया। एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
दीपक कुमार की यह सफलता राज्य के उभरते कबड्डी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि बिहार की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने का दम रखती हैं।
ये खबर भी पढ़े: साइक्लिंग में पटना प्रमंडल का जलवा, 31 अंकों के साथ बना ओवरऑल चैंपियन; तिरहुत को मिला दूसरा स्थान!