शेखपुरा: नशा सिर्फ शराब, गुटखा और तंबाकू तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल, इंटरनेट, वीडियो गेम और रील्स की बढ़ती लत भी बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को प्रभावित कर रही है। इसी संदेश के साथ पीएम श्री डीएम हाई स्कूल शेखपुरा में मंगलवार को नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्रह्माकुमारी राधिका बहन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल, इंटरनेट, वीडियो गेम और लगातार रील्स देखने की आदत भी बच्चों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। इससे पढ़ाई, स्वास्थ्य और अच्छी आदतों पर असर पड़ सकता है।
राधिका बहन ने विद्यार्थियों को अच्छे विचार, अच्छी संगति और सकारात्मक आदतें अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सच्ची खुशी नशे में नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और अच्छे संस्कारों में है। प्रत्येक विद्यार्थी को खुद नशे से दूर रहना चाहिए और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
गीतों और नारों से दिया नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत स्वागत गान से किया गया। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति पर आधारित गीत प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक होने का संदेश दिया। बच्चों ने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से भी नशे के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दुष्परिणामों को सामने रखा।
इसके बाद विद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। हाथों में तख्तियां लिए विद्यार्थियों ने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ जैसे नारों के साथ आम लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को नशामुक्त रहने की प्रतिज्ञा दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, गांव तथा समाज को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के साथ अंशुप्रिया, प्रीति कुमारी, कुमारी प्रिया, निर्मला कुमारी, पूजा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज बनाने के संकल्प और नई प्रेरणा के साथ हुआ।