सीतामढ़ी: सोनबरसा थाना क्षेत्र के सोहरवा गांव में शुक्रवार देर रात विवाद की सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अचानक हुए हमले में दारोगा पुनीत कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव में मारपीट की सूचना एक व्यक्ति ने डायल-112 को दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और कुछ स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट और हंगामे के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी पीछे हटते नजर आते हैं और कुछ लोग उनका पीछा करते दिख रहे हैं। वीडियो में दो राउंड फायरिंग जैसी आवाजें भी सुनाई देती हैं। हालांकि, आवाज किसकी फायरिंग से आई और वास्तव में गोली चली या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस वाहन में तोड़फोड़
हमले के दौरान पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है। वाहन के आगे का शीशा/लुकिंग ग्लास क्षतिग्रस्त होने के साथ दरवाजे को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घायल दारोगा पुनीत कुमार समेत पुलिसकर्मियों को सोनबरसा सीएचसी ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना में कुछ ग्रामीणों के भी चोटिल होने की सूचना है।
अतिरिक्त बल और SSB की तैनाती
पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही सोनबरसा थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों से अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए SSB जवानों को भी तैनात किया गया। एएसपी आशीष आनंद ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
एएसपी आशीष आनंद के अनुसार, डायल-112 की टीम को मारपीट की सूचना मिली थी और मौके पर पहुंचने के बाद टीम पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और विवाद की मूल वजह की जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है।
ये खबर भी पढ़े: बाल विवाह के खिलाफ शेखपुरा में ग्राम सभा, नाबालिगों के भविष्य की सुरक्षा का लिया संकल्प!