शेखपुरा: लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्योपासना के महापर्व छठ का सोमवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अंतिम अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधिवत समापन हो गया। इस मौके पर शेखपुरा शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा शहर छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों से भक्तिमय हो उठा। घाटों पर उमड़ी आस्था की भीड़ ने छठ महापर्व की भव्यता और धार्मिक महत्व को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
रविवार की शाम से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं के घाटों तक पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप और सिर पर दउरा लेकर महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए घाटों की ओर प्रस्थान करती नजर आईं। परिवार के सदस्य भी पूरी श्रद्धा के साथ व्रतियों के साथ चल रहे थे। शहर के रतोईया घाट पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। इसके अलावा अन्य प्रमुख छठ घाटों पर भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।
छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से घाटों पर विशेष सजावट और रोशनी की व्यवस्था की गई थी। आकर्षक लाइटिंग और सजे हुए घाटों का नजारा देखते ही बन रहा था। शाम और सुबह के समय घाटों की जगमगाहट ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। श्रद्धालु इस पावन और अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे।
सोमवार की सुबह निर्धारित समय पर व्रतियों ने पानी में खड़े होकर उदीयमान भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के जयकारों और भक्ति गीतों से घाट गूंजते रहे। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और समाज में शांति की कामना की।
अंतिम अर्घ्य संपन्न होने के बाद व्रतियों ने विधि-विधान से पारण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन किया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व की धार्मिक परंपराएं पूरी हुईं।
शेखपुरा में छठ का यह भव्य आयोजन एक बार फिर सामाजिक एकता, पारिवारिक समर्पण और लोक संस्कृति की अनूठी तस्वीर पेश कर गया।
ये खबर भी पढ़े: छठ व्रतियों की सेवा में आगे आए डॉ. विनोद विद्यार्थी, मालती पोखर से गंगटी घाट तक बांटी साड़ी, सूप, नारियल और पूजन सामग्री!