भारत/नेपाल: अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ नेपाल में बड़ी कार्रवाई हुई है। नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 22 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन के साथ महाराष्ट्र के एक 52 वर्षीय भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रेवाज तिघरी के रूप में हुई है। उसके पास से साढ़े पांच किलो कोकीन बरामद होने की बात सामने आई है। नेपाल के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने दावा किया है कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का प्रमुख सदस्य है और बरामद कोकीन की अंतिम मंजिल भारत थी।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के एसपी एवं प्रवक्ता दुर्गाराज रेग्मी के अनुसार, हवाई मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी की आशंका को देखते हुए संदिग्ध यात्रियों की प्रोफाइलिंग की जा रही थी। इसी जांच प्रक्रिया के दौरान रेवाज तिघरी सुरक्षा एजेंसियों के संदेह के घेरे में आया। वह 28 नवंबर को थाईलैंड से काठमांडू पहुंचा था। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जांच के बाद उसे हिरासत में लिया गया और तलाशी के दौरान कथित तौर पर साढ़े पांच किलो कोकीन बरामद हुई।
कई देशों की यात्रा का रिकॉर्ड जांच के दायरे में
नेपाल पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार भारतीय नागरिक इससे पहले भी दो बार नेपाल आ चुका था। पहली बार उसने हवाई मार्ग से नेपाल की यात्रा की थी, जबकि दूसरी बार वह भारत से सड़क मार्ग के जरिए नेपाल पहुंचा था। जांच एजेंसियों को उसके विदेश दौरे से जुड़ी जानकारी भी मिली है। पुलिस के अनुसार, वह लाओस के अलावा जिम्बाब्वे, सूडान, बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया की यात्रा कर चुका है।
जांच एजेंसियां अब उसके इन अंतरराष्ट्रीय दौरों और कथित तस्करी नेटवर्क के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी का संबंध अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से है। हालांकि, इस नेटवर्क में उसकी वास्तविक भूमिका और अन्य सदस्यों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग का प्रमाणपत्र भी मिला
पुलिस ने आरोपी के पास से मैकेनिकल इंजीनियरिंग से संबंधित एक प्रमाणपत्र मिलने की जानकारी दी है। जांच अधिकारी उसके दस्तावेजों, यात्रा रिकॉर्ड और संपर्कों की भी पड़ताल कर रहे हैं। बरामद कोकीन की बाजार कीमत करीब 22 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों के अनुसार, इस खेप को भारत पहुंचाया जाना था।
इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर भारत-नेपाल सीमा और अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों के जरिए संचालित होने वाली कथित मादक पदार्थ तस्करी पर सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान खींचा है। अब जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि इतनी बड़ी खेप किसके निर्देश पर लाई गई थी, भारत में इसे किस तक पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन से लोग सक्रिय हैं।
फिलहाल नेपाल की नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की जांच जारी है। पुलिस के आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
ये खबर भी पढ़े: महिषी में तीन दिन सजेगा सुरों, हंसी और शास्त्रार्थ का महासंगम, पार्थो घोष से सपना अवस्थी तक दिग्गज कलाकार बांधेंगे समां!