लखीसराय: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ मतासी गांव में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिव शंकर छठ पूजा समिति की ओर से छठ घाट को आकर्षक ढंग से दुल्हन की तरह सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों ने घाट की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। समिति की बेहतर व्यवस्था के बीच व्रतियों ने अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।
छठ महापर्व को व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए गांव के युवाओं ने करीब 15 दिन पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थी। युवाओं के सामूहिक प्रयास और ग्रामीणों के सहयोग से घाट को आकर्षक रूप दिया गया। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए घाट पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। निगरानी के लिए यूथ वॉलंटियर और निगरानी टीम के सदस्य मुस्तैदी से तैनात रहे। वहीं, गहरे पानी की स्थिति को देखते हुए गोताखोरों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके।
समिति की ओर से घाट की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। आयोजन में ग्राम पंचायत राज बल्लोपुर के पूर्व मुखिया शिवेंद्र कुमार सिंह सहित गांव के बुद्धिजीवियों और गणमान्य लोगों का भी सराहनीय सहयोग मिला।
इस मौके पर पूर्व मुखिया शिवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, अनुशासन, स्वच्छता और आपसी भाईचारे का अनुपम उदाहरण है। यह पर्व समाज में जाति-पाति, ऊंच-नीच और अमीरी-गरीबी के भेदभाव को मिटाकर एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मतासी गांव में सभी लोगों के सहयोग से महापर्व का शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन सामूहिक एकता तथा युवाओं की सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने समिति के सदस्यों, युवाओं और सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
वहीं, गांव के निवासी एवं सरकारी शिक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और आध्यात्मिक आस्था का पवित्र प्रतीक है। इस पर्व में व्रती कठिन नियमों और पूरी पवित्रता के साथ भगवान सूर्य तथा छठी मैया की आराधना करते हैं। इसके माध्यम से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के उज्ज्वल भविष्य और वंश की मंगलकामना की जाती है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता इसकी समावेशी भावना है। इस पर्व में जाति, धर्म, वर्ग और आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ सहभागी बनते हैं। छठ हमें त्याग, तपस्या, पवित्रता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने आयोजन में युवाओं की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी इसी तरह अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए आगे आती रही, तो हमारी लोक विरासत हमेशा जीवंत बनी रहेगी।
मतासी गांव में शिव शंकर छठ पूजा समिति और समस्त ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में युवाओं की सक्रियता, बुजुर्गों का मार्गदर्शन और ग्रामीणों की एकजुटता विशेष आकर्षण रही। बेहतर प्रबंधन और सामूहिक सहभागिता ने इस वर्ष के छठ आयोजन को गांव के लिए यादगार बना दिया।
ये खबर भी पढ़े: छठ की भक्ति में डूबा भाजपा जिलाध्यक्ष का परिवार, बरूई में मनोज तूफानी ने दिया सूर्यदेव को अर्घ्य!