गोपालगंज: जिले के प्रशासनिक महकमे में मंगलवार सुबह उस वक्त खलबली मच गई, जब पटना से पहुंची स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू) की टीम ने गोपालगंज सदर की अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह के सरकारी आवास पर छापेमारी शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक गलियारों से लेकर आम लोगों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल विजिलेंस यूनिट की विशेष टीम मंगलवार सुबह गोपनीय तरीके से एसडीएम के सरकारी आवास पर पहुंची। टीम ने आवास को अपने घेरे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। बताया जा रहा है कि अधिकारी आवास के भीतर मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है।
किस मामले में हुई कार्रवाई, अभी स्पष्ट नहीं
एसडीएम जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद पर तैनात अधिकारी के आवास पर विजिलेंस की कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ सूत्रों के हवाले से आय से अधिक संपत्ति या किसी विशेष शिकायत से जुड़े मामले की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विजिलेंस टीम की ओर से भी छापेमारी के कारण, जांच के दायरे और संभावित बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में कार्रवाई की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी तस्वीर
फिलहाल स्पेशल विजिलेंस यूनिट के अधिकारी सरकारी आवास में अपनी जांच जारी रखे हुए हैं। जांच पूरी होने और विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह कार्रवाई किस मामले में की गई और जांच के दौरान क्या तथ्य सामने आए।
गोपालगंज में इस कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल बनी हुई है। अब सबकी नजरें विजिलेंस यूनिट की आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं।
ये खबर भी पढ़े: लखीसराय में भीषण सड़क हादसा; ट्रक-स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में पति-पत्नी समेत 5 की मौत, एक ही परिवार के 9 लोग थे सवार!
गोपालगंज से अनुज पाण्डेय की रिपोर्ट…