पटना: बिहार की राज्य स्तरीय विद्यालय साइक्लिंग प्रतियोगिता में पटना प्रमंडल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। तीन दिनों तक चली इस प्रतिस्पर्धा में पटना प्रमंडल ने कुल 31 अंक हासिल किए, जबकि 28 अंकों के साथ तिरहुत प्रमंडल उपविजेता रहा।
खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला प्रशासन, पटना की मेजबानी में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों से चयनित लगभग 200 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में मास स्टार्ट और इंडिविजुअल टाइम ट्रायल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी गति, सहनशक्ति और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।
अंतिम दिन टाइम ट्रायल में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के अंतिम दिन आयोजित इंडिविजुअल टाइम ट्रायल स्पर्धाओं में विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए।
बालक अंडर-19 (10 किलोमीटर):
- प्रथम – शुभम कुमार, पटना प्रमंडल
- द्वितीय – मुकेश कुमार, पटना प्रमंडल
- तृतीय – कुश मोहम्मद, तिरहुत प्रमंडल
बालक अंडर-17 (10 किलोमीटर):
- प्रथम – अंशुमन कुमार, पूर्णिया प्रमंडल
- द्वितीय – आदर्श कुमार, सारण प्रमंडल
- तृतीय – प्रिंस कुमार, पटना प्रमंडल
बालक अंडर-14 (10 किलोमीटर):
- प्रथम – आयुष कुमार, पटना प्रमंडल
- द्वितीय – छोटू कुमार, मगध प्रमंडल
- तृतीय – प्रवीण कुमार, सारण प्रमंडल
मेडल और ट्रॉफी देकर खिलाड़ियों को किया सम्मानित
बुधवार को आयोजित पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में खेल विभाग, बिहार के सहायक निदेशक संजय कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार, जिला खेल पदाधिकारी पटना जयनारायण कुमार और वरिष्ठ एनआईएस प्रशिक्षक अभिषेक कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के सफल और सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रतिनियुक्त तकनीकी पदाधिकारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में धीरेन्द्र कुमार, अभिमन्यु कुमार, सुधांशु रंजन, सूरज कुमार, रोहित रंजन, कल्याणी देवी, रागिनी रानी, रोहित कुमार, अनिल कुमार सहित विभिन्न प्रमंडलों के टीम प्रभारी, प्रशिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित खिलाड़ी
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक संजय कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और धैर्य का उत्कृष्ट परिचय दिया है। ऐसे आयोजनों से बिहार में साइक्लिंग को बढ़ावा मिलता है और विद्यालय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
वहीं, जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य टीम के लिए किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करेंगे और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता का समापन खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। पटना प्रमंडल की चैंपियनशिप जीत ने प्रतियोगिता में उसकी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
ये खबर भी पढ़े: अनंत सिंह की बेटी की शादी में शाही ठाठ, घुड़दौड़ देखने उमड़ा जनसैलाब; बिजली टावरों पर चढ़े लोग, हाथी पर समधी मिलन करेंगे विधायक!