खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई की है। कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन से करीब 200 किलो गांजा बरामद किया गया। मौके से पांच कथित अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे चारपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है।
ओडिशा से रांची ले जाई जा रही थी खेप
पुलिस के अनुसार, खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग को सूचना मिली थी कि गांजे की बड़ी खेप ओडिशा के राउरकेला से सिमडेगा और कमडारा के रास्ते रांची की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर कर्रा पुलिस और NCB की संयुक्त टीम ने लोधमा पिकेट के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 200 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद वाहन में सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पांचों आरोपी हजारीबाग के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजारीबाग जिले के बरही निवासी रवि शंकर, रिजवान खान, रवि कुमार तथा पदमा निवासी मोहम्मद इसराफिल और मोहम्मद अफरीद के रूप में बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी NCB
कार्रवाई के बाद NCB की टीम बरामद गांजा, जब्त वाहन और गिरफ्तार आरोपियों को रांची स्थित कार्यालय ले गई। अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
जांच एजेंसी तस्करी के पूरे नेटवर्क, इसके संभावित सरगना और आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
तोरपा डीएसपी विजय सिंह ने पुलिस और NCB की संयुक्त कार्रवाई तथा पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मामले में NDPS Act के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई NCB की ओर से की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: बिहार में पंचायत प्रतिनिधियों की मौत पर आश्रितों को मिलेंगे 5 लाख रुपये, 10 परिवारों को 50 लाख की मंजूरी!