मुजफ्फरपुर: बरूराज थाना क्षेत्र में सोमवार को इंटर की टेस्ट परीक्षा देने स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना मनोहर छपरा-छत्रपट्टी के बीच चोरबन पुलिया के समीप हुई। हमले में दोनों छात्राएं घायल हो गईं। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं साइकिल से मनोहर छपरा स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार बदमाश पहुंचे और दोनों पर हमला कर फरार हो गए। घायल छात्राओं की पहचान कंचन कुमारी और अंजू कुमारी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
घटना की सूचना मिलते ही बरूराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने छात्राओं के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हमले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ ने दी कार्रवाई की जानकारी
एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। दोनों का प्राथमिक उपचार कराया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चर्चा का माहौल रहा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: सहरसा में मक्का खरीद के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप, किसानों ने मांगी SIT जांच!