पटना: चौक थाना क्षेत्र के चौक शिकारपुर ओवरब्रिज पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक पुल के ऊपर बने लोहे के ढांचे पर चढ़ गया। ऊंचाई पर युवक के पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थिति को देखते हुए क्रेन की मदद ली गई। करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा
रेस्क्यू ऑपरेशन में सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, सब इंस्पेक्टर नीतीश कुमार, सहायक सब इंस्पेक्टर अक्षय लाल और कमांडो संदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कमांडो संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए युवक को नीचे उतारा।
रेस्क्यू के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर चौक शिकारपुर ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर जुटी भीड़ को नियंत्रित करते हुए ऑपरेशन पूरा कराया।
युवक की पहचान जयप्रकाश साव के रूप में
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान जयप्रकाश साव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जमुई जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वर्तमान में पटना में ऑटो चलाने और धवलपुरा इलाके में किराए के मकान में रहने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस युवक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह पुल के ऊपरी हिस्से तक किन परिस्थितियों में पहुंचा था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
समय रहते पुलिस के पहुंचने और सावधानी से चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद इलाके में यातायात सामान्य कराया गया।
ये खबर भी पढ़े: सड़क पर 8 फीट का ‘सरप्राइज’, मगरमच्छ देखते ही सहमे ग्रामीण; वन विभाग ने किया रेस्क्यू!