पटना: बिहार की सियासत में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर सबकुछ ठीक होने के दावों के बीच एक नया राजनीतिक घटनाक्रम चर्चा में है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चौथी बार जीत दर्ज करने वाले नीरज कुमार को बधाई देने के लिए पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर दो पोस्टर जारी किए गए, लेकिन इन दोनों पोस्टरों में केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह की तस्वीर नजर नहीं आई। पोस्टर से ललन सिंह की गैरमौजूदगी के बीच नीरज कुमार के बयान ने भी राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है।
जीत के बाद शुक्रवार को नीरज कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह जीत के बाद ललन सिंह से आशीर्वाद लेने जाएंगे, तो उन्होंने दो टूक जवाब दिया— “सवाल ही नहीं उठता है।”
नीरज कुमार ने कहा कि पहले यह बताया जाए कि आखिर उनका क्या गुनाह था, जिसकी वजह से पूरी चुनावी प्रक्रिया के दौरान उन्हें इतनी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पोस्टर से दूरी, बयान में भी तल्खी
जदयू की ओर से जारी बधाई पोस्टरों में ललन सिंह की तस्वीर नहीं होने को लेकर पहले ही चर्चा शुरू हो गई थी। इसी बीच नीरज कुमार के बयान ने इस चर्चा को और हवा दे दी। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जिन्हें उन्हें बधाई देनी है, वे बधाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों से भी उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद मिल रहे हैं।
उन्होंने अपने राजनीतिक विरोध और संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि उनके माता-पिता और पुरखों ने उन्हें सिखाया है कि अगर किसी से कर्ज लो तो उसे लौटा देना। राजनीति के इस कर्ज को वह सूद सहित लौटाएंगे। उनके इस बयान को चुनाव के दौरान मिले कथित विरोध के संदर्भ में देखा जा रहा है।
नीतीश कुमार और निशांत के सहयोग का किया जिक्र
नीरज कुमार ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और मेहनत के बल पर ही वह चुनावी यात्रा पूरी कर सके। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार का भी सक्रिय सहयोग मिला।
फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने अपनी जीत को सामान्य कार्यकर्ताओं की जीत बताया। उन्होंने नीतीश कुमार, निशांत कुमार, संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और पार्टी के अन्य नेताओं का नाम लेकर आभार जताया। हालांकि, इस दौरान ललन सिंह का नाम उनके द्वारा बताए गए सहयोगियों में शामिल नहीं था।
‘अपनों से मिली पीड़ा ने मन दुखी किया’
नीरज कुमार ने चुनाव के दौरान अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि विरोधियों से संघर्ष की उम्मीद थी, लेकिन अपनों से मिली पीड़ा ने मन को दुखी किया। उन्होंने कहा कि सामने मौजूद चुनौती स्पष्ट थी, लेकिन पर्दे के पीछे किसकी क्या भूमिका रही, यह भी दिखाई दे रहा था।
उन्होंने चुनावी संघर्ष को निष्ठा और स्वार्थ के बीच की लड़ाई बताते हुए कहा कि इस दौरान धनबल और बाहुबल जैसी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। उनके इन बयानों को पार्टी के भीतर चुनावी समर्थन और नेताओं की भूमिका को लेकर नाराजगी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
संजय झा ने संभाला मोर्चा, बोले- ललन सिंह आदरणीय नेता
नीरज कुमार के बयान और ललन सिंह से आशीर्वाद नहीं लेने के सवाल पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “ललन सिंह हमारे पार्टी के आदरणीय नेता हैं।”
संजय झा ने पार्टी के भीतर होने वाली चर्चाओं को सामान्य बताते हुए कहा कि राजनीति और संगठन में थोड़ी बहुत बातें चलती रहती हैं। उनके इस बयान के बाद अब पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।
यूपी चुनाव पर एक नवंबर को होगी समीक्षा बैठक
संजय झा ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को जदयू की समीक्षा बैठक होगी, जिसमें निशांत कुमार भी शामिल होंगे। इसी बैठक में तय किया जाएगा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगी या नहीं।
फरक्का जलसंधि पर भी बोले संजय झा
फरक्का जलसंधि के मुद्दे पर संजय झा ने बिहार के हितों की बात उठाई। उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 में हुई संधि से बिहार के साथ अन्याय हुआ था। जदयू की ओर से इस मुद्दे पर बिहार में जागरूकता यात्रा निकाली गई है, जो अब समाप्त होने वाली है। उन्होंने कहा कि यदि जलसंधि को लेकर कोई व्यवस्था होती है, तो उसमें बिहार की जरूरतों और यहां के लोगों के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए।
फिलहाल जदयू के बधाई पोस्टर से ललन सिंह की गैरमौजूदगी और नीरज कुमार के तीखे बयानों ने पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज कर दी हैं। हालांकि, पोस्टर में तस्वीर नहीं होने के पीछे पार्टी की ओर से कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। संजय झा ने ललन सिंह को आदरणीय नेता बताया है, लेकिन नीरज कुमार के बयान ने इस पूरे घटनाक्रम को सियासी चर्चा का विषय बना दिया है।
ये खबर भी पढ़े: जिस बेटी को गोद में खिलाया, उसी का जीते-जी कर दिया श्राद्ध; दूसरी जाति में शादी से नाराज पिता-भाई ने तोड़े रिश्ते!