बांका: जमुई, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर के बाद अब बांका के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदार पर्वत से युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते और चप्पल से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में 3 सितंबर की तारीख दिखाई दे रही है, जबकि पुलिस के संज्ञान में यह वीडियो 22 सितंबर को आया।
वीडियो सामने आते ही बौंसी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे स्थान का सत्यापन किया और मामले में छह अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सोशल मीडिया सेल से पुलिस तक पहुंचा वीडियो
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को करीब 2:45 बजे सोशल मीडिया सेल के माध्यम से वायरल वीडियो बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा के व्हाट्सऐप पर प्राप्त हुआ। वीडियो की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मंदार पर्वत पहुंचे।
करीब 3 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे स्थान का सत्यापन किया। जांच में वीडियो में दिख रहा स्थान मंदार पर्वत का ही पाया गया।
छह युवकों पर अभद्र व्यवहार का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, वायरल वीडियो में छह अज्ञात युवकों द्वारा एक युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और अश्लील हरकत की जा रही है। इस दौरान घटना का वीडियो बनाए जाने और बाद में उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने की बात भी प्राथमिकी में दर्ज है।
वीडियो की पुष्टि के बाद पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे युवकों और युवती की पहचान का प्रयास शुरू किया। इसके लिए मंदार पर्वत के आसपास रहने वाले ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, दुकानदारों ने वीडियो में नजर आ रहे युवकों के नवयुवक होने की जानकारी दी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने तक किसी की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी थी।
वायरल वीडियो बना जांच का अहम साक्ष्य
बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा के बयान पर छह अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर शामिल किया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76 और 3(5) तथा आईटी एक्ट 2000 की धारा 66E और 67A के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चेहरों की पहचान में जुटी पुलिस
मंदार पर्वत जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल से कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे चेहरों, वीडियो से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
ये खबर भी पढ़े: जमुई के बाद समस्तीपुर में लड़की से अभद्रता का वीडियो वायरल, पुलिस ने लिया संज्ञान; 4 युवक गिरफ्तार!