हाजीपुर: छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राजेन्द्रनगर और नई दिल्ली के बीच एक जोड़ी पूर्णतः वातानुकूलित (AC) पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। ट्रेन संख्या 02309/02310 के परिचालन से बिहार और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गाड़ी संख्या 02309 राजेन्द्रनगर-नई दिल्ली AC पूजा स्पेशल का परिचालन 11 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन यानी प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को राजेन्द्रनगर से खुलेगी। ट्रेन राजेन्द्रनगर से रात 20:10 बजे प्रस्थान करेगी और 20:23 बजे पटना, 20:45 बजे दानापुर, 21:15 बजे आरा तथा 22:00 बजे बक्सर पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन 23:30 बजे डीडीयू स्टेशन पर रुकेगी। अगले दिन सुबह 03:45 बजे प्रयागराज और 06:45 बजे गोविंदपुरी (कानपुर) में ठहराव के बाद दोपहर 15:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में भी सप्ताह में तीन दिन मिलेगी सुविधा
वापसी यात्रा के लिए गाड़ी संख्या 02310 नई दिल्ली-राजेन्द्रनगर AC पूजा स्पेशल चलाई जाएगी। यह ट्रेन 12 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार, शनिवार और सोमवार को नई दिल्ली से शाम 19:00 बजे रवाना होगी।
अगले दिन ट्रेन 01:55 बजे गोविंदपुरी, 05:00 बजे प्रयागराज, 10:10 बजे डीडीयू, 11:48 बजे बक्सर, 12:33 बजे आरा, 13:05 बजे दानापुर और 13:23 बजे पटना स्टेशन पर रुकेगी। इसके बाद दोपहर 14:00 बजे राजेन्द्रनगर पहुंचेगी।
छठ के दौरान यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त राहत
छठ महापर्व के समय बिहार से दिल्ली और दिल्ली से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। ऐसे में नियमित ट्रेनों में भीड़ और सीटों की उपलब्धता को लेकर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे की ओर से चलाई जा रही यह पूर्णतः AC पूजा स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी।
इस ट्रेन का ठहराव पटना, दानापुर, आरा, बक्सर, डीडीयू, प्रयागराज और गोविंदपुरी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा करने में सुविधा होगी।
रेलवे प्रशासन ने छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन का परिचालन निर्धारित अवधि के लिए किया है।
ये खबर भी पढ़े: दीपावली के बाद भी लखीसराय में भक्ति की रौनक, छोटी दुर्गा स्थान पर मां लक्ष्मी के दर्शन को उमड़ी भीड़!