गया: डेल्हा थाना क्षेत्र के बैरागी स्थित महादेव स्थान के समीप रविवार रात बेखौफ अपराधियों ने चंदौती प्रखंड में कार्यरत विकास मित्र शंकर मांझी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब शंकर मांझी अपनी पत्नी कविता देवी के साथ जनता कॉलोनी स्थित एक चर्च से प्रार्थना सभा में भाग लेने के बाद पैदल घर लौट रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बैरागी बगीचे के पास पहले से घात लगाए बैठे एक अपराधी ने सामने आकर अचानक ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। मृतक की पत्नी उनसे करीब 10 कदम पीछे चल रही थीं। जब तक वह या आसपास के लोग कुछ समझ पाते, हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। शंकर मांझी के पेट में दो और माथे में एक गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल से 3 खोखे बरामद, FSL की टीम पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही डेल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH) भेज दिया। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिटी एसपी अभिनव कुमार और डीएसपी धर्मेंद्र भारती ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की विशेष टीम को भी बुलाया गया है।
पत्नी ने रघु पर लगाया आरोप, वार्ड पार्षद समेत कई नामजद
मृतक की पत्नी कविता देवी ने पुलिस को दिए बयान में ‘रघु’ नाम के युवक पर सीधे गोली चलाने का आरोप लगाया है। वहीं, परिजनों ने रघु के अलावा बंटी, खोड़ा और सुनीता देवी को नामजद किया है। इसके अलावा स्थानीय वार्ड पार्षद गोपाल पासवान पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने की आशंका व्यक्त की गई है।
दो संदिग्ध हिरासत में, वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 9 बजे की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और पुलिस को मिले कुछ वीडियो फुटेज की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: रोसड़ा में ज्वेलर्स दुकान में हथियार के बल पर लूट, करीब 3 लाख के गहने ले गए बदमाश!