सारण: एकमा थाना क्षेत्र के परसा परसागढ़ गांव में हुए हिंसक विवाद ने पूरे इलाके को हिला दिया। चाकूबाजी की घटना में घायल चार युवकों में से तीन की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चौथे की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल विवेक कुमार को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया है।
चार घायल, तीन ने तोड़ा दम
मृतकों की पहचान छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, मुकेश कुमार, पिता ध्रुप यादव, निवासी जिरतपुर पचुआ, एकमा और रमेश यादव, पिता विजय यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार और रमेश यादव की मौत छपरा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। वहीं अंकुर पटेल उर्फ धोनी ने एकमा के निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना में घायल विवेक कुमार, पिता बिनोद कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। छपरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
मामा के घर आया था अंकुर, विवाद के बाद बिगड़ी बात
बताया जा रहा है कि अंकुर पटेल अपने मामा के घर परसा परसागढ़ आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और चाकूबाजी में चार लोग घायल हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, हमलावरों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना की वजह, विवाद में शामिल लोगों और हमले में शामिल आरोपियों की पहचान को लेकर छानबीन कर रही है।
तीन मौतों के बाद गांव में तनाव
एक ही घटना में तीन युवकों की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह और हमले में शामिल लोगों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
ये खबर भी पढ़े: AC कोच में सांप से मचा हड़कंप; स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का A-2 कोच मुजफ्फरपुर में बदला गया!