लखीसराय: दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है। लखीसराय बाईपास स्थित ROB पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण पहले से ही पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। इसके बावजूद बड़े वाहनों के बाजार क्षेत्र से गुजरने के कारण अब प्रशासन ने लखीसराय बाजार में भी भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जिला दंडाधिकारी, लखीसराय की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, यह व्यवस्था 16 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। इस दौरान अलग-अलग दिशाओं से आने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान बाजार क्षेत्र में भीड़ और यातायात संबंधी परेशानी से बचा जा सके।
पटना से मुंगेर जाने वाले वाहनों को राहत
प्रशासनिक आदेश के मुताबिक, पटना से मुंगेर की ओर जाने वाले भारी वाहनों का परिचालन पूर्ववत जारी रहेगा। यानी इस दिशा में जाने वाले वाहनों के लिए मौजूदा व्यवस्था में बदलाव नहीं किया गया है।
पटना-मोकामा से शेखपुरा और जमुई जाने का रास्ता बदला
पटना या मोकामा की ओर से शेखपुरा अथवा जमुई जाने वाले भारी वाहनों को अब मोकामा-बरबीघा मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को लखीसराय बाजार क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य बाजार की सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव कम करना और दुर्गा पूजा के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना है।
मुंगेर से शेखपुरा-जमुई जाने वाले वाहन जमुई-सिकंदरा मार्ग से चलेंगे
मुंगेर की ओर से शेखपुरा या जमुई जाने वाले भारी वाहनों के लिए जमुई-सिकंदरा मार्ग निर्धारित किया गया है। इन वाहनों को भी लखीसराय बाजार क्षेत्र से होकर गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
वहीं, शेखपुरा और जमुई की ओर से पटना अथवा मुंगेर जाने वाले भारी वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करना होगा।
इन अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, खनिज विकास पदाधिकारी और यातायात पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन सुनिश्चित कराएं।
23 अक्टूबर तक लागू रहेगी व्यवस्था
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारी वाहनों के परिचालन में यह बदलाव 16 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान लोगों की आवाजाही सुगम बनाने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
वाहन चालकों के लिए जरूरी सूचना: लखीसराय बाजार क्षेत्र से होकर शेखपुरा या जमुई जाने की योजना बना रहे भारी वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। यात्रा शुरू करने से पहले रूट की जानकारी कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
ये खबर भी पढ़े: मोतिहारी में कुख्यात शराब माफिया के घर पुलिस की रेड, पिस्टल, कारतूस और 1.23 लाख कैश बरामद; पंकज सिंह गिरफ्तार!
