मुजफ्फरपुर: कबड्डी के मैदान में रेड और डिफेंस के रोमांच के बीच मुजफ्फरपुर में 24वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज हो गया। मोतीपुर के मध्य विद्यालय कथैया खेल प्रांगण में शनिवार को शुरू हुई इस दो दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पटना, सारण और वैशाली समेत कई टीमों ने जीत के साथ अपने अभियान को आगे बढ़ाया, जबकि कुछ मुकाबलों में आखिरी अंक तक रोमांच बना रहा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह 10 बजे तिरहुत के विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी, बरुराज के विधायक अरुण कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि महताब आलम (KBM Solution Pvt. Ltd.) ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बिहार राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष कुमार विजय भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मुजफ्फरपुर जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष संजय केजरीवाल ने अतिथियों और प्रतियोगिता में शामिल टीमों का स्वागत किया। उन्होंने खेलप्रेमियों से अधिक संख्या में पहुंचकर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
एक-एक अंक के अंतर से जीते मुकाबले, मैदान पर दिखा रोमांच
पहले दिन के लीग मुकाबलों में कई टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। जहानाबाद ने कटिहार को 32-31 से हराकर बेहद करीबी मुकाबला अपने नाम किया। वहीं एकलव्य सेंटर ने मुंगेर को 43-42 से शिकस्त दी। इन मुकाबलों में आखिरी समय तक जीत-हार का फैसला नहीं हो पाया।
अन्य मुकाबलों में पटना ने 41-30 से, सारण ने 38-15 से और वैशाली ने 26-17 से जीत दर्ज की। मधुबनी ने पूर्णिया को 35-18 से हराया। समस्तीपुर ने 18-17 से जीत हासिल की। कटिहार ने मुजफ्फरपुर को 34-15 से पराजित किया। शिवहर ने मधुबनी को 35-33 और पूर्णिया को 29-06 से हराया। वहीं पटना ने गया को 29-08 से शिकस्त दी।
17 टीमों के बीच खिताब की जंग
आयोजक मुजफ्फरपुर जिला कबड्डी संघ और अखिलेश कुमार सिंह के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 16 जिलों के साथ एकलव्य बक्सर की टीम भी हिस्सा ले रही है। दो दिवसीय आयोजन में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
जिला कबड्डी संघ के सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सभी मुकाबले नियमानुसार कराए जा रहे हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और परिवहन की व्यवस्था भी की गई है।
रविवार को होगा चैंपियन का फैसला
प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन रविवार को क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। अब सबकी नजरें रविवार के मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां बिहार के सब जूनियर कबड्डी चैंपियन का फैसला होगा।
ये खबर भी पढ़े: 125 बीघा जमीन, 73.50 लाख कैश और 11 लोगों का नेटवर्क; पूर्व राजद नेता भगत यादव के ठिकानों पर EOU का बड़ा एक्शन!