पटना: कबड्डी के मैदान में बिहार की बेटियों ने अपने दमदार खेल से विरोधी टीमों को लगातार पीछे छोड़ते हुए अपनी ताकत का एहसास कराया है। पंजाब के फरीदकोट स्थित नेहरू स्टेडियम में चल रही राष्ट्रीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने जीत की हैट्रिक लगाकर पूल-ई में पहला स्थान हासिल कर लिया है। तीन मुकाबले, तीन जीत और अब सीधे प्री-क्वार्टरफाइनल का टिकट—बिहार की टीम का प्रदर्शन प्रतियोगिता में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बिहार की जीत का सफर विदर्भ के खिलाफ शुरू हुआ, जहां टीम ने कड़े मुकाबले में 33-29 से जीत दर्ज की। इसके बाद बिहार की बेटियों ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ और भी आक्रामक खेल दिखाया और 46-27 से बड़ी जीत हासिल की। तीसरे मुकाबले में तमिलनाडु की चुनौती सामने थी। पहले हाफ में बिहार की टीम महज एक अंक की बढ़त के साथ 10-9 पर थी, लेकिन दूसरे हाफ में खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर मुकाबला 26-19 से अपने नाम कर लिया।
राजगीर की तैयारी मैदान पर दिखा रही रंग
बिहार की इस सफलता के पीछे राजगीर में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। खेल विभाग, बिहार सरकार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की थी। बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का सकारात्मक असर मैदान पर दिखाई दे रहा है। तमिलनाडु जैसी मजबूत टीम को हराना खिलाड़ियों की तैयारी और मेहनत का परिणाम है।
बिहार की बेटियों को मिल रही बधाइयां
लगातार तीन जीत के बाद बिहार कबड्डी जगत में उत्साह का माहौल है। बिहार राज्य कबड्डी संघ के संरक्षक सह बिहार के मुख्यमंत्री के सलाहकार अंजनी कुमार सिंह, चेयरमैन कुमार विजय सिंह, अध्यक्ष अपूर्व सुकांत, सचिव विपुल कुमार सिंह, अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष रामाकांत सिंह, उपाध्यक्ष सरोज कुमार, कुणाल आनंद सिंह, संजय कुमार सिंह, संयुक्त सचिव पंकज कश्यप, अमित कुमार, कमल पटेल, श्यामनंदन सिंह उर्फ पन्ना लाल, राणा रंजीत सिंह, आनंद शंकर तिवारी, राजीव कुमार सिंह, भवेश कुमार, चांदनी कुमारी, शमा परवीन, रामजी उपाध्याय और वेद ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. ओमप्रकाश सहित खेल जगत के पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने टीम को बधाई दी है।

अब बिहार की बेटियों की नजर प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले पर है। पूल में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद टीम के हौसले बुलंद हैं और खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि जीत का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।