लखीसराय: रोजगार के लिए सिर्फ नौकरी का इंतजार करने के बजाय अपना छोटा कारोबार शुरू करने की दिशा में भी कदम बढ़ाना चाहिए। छोटी पूंजी से स्वरोजगार की शुरुआत कर आत्मनिर्भर बना जा सकता है। यह बात जिला सहकारिता पदाधिकारी (DCO) विनीत कुमार ने शुक्रवार को पचना रोड स्थित शर्मा मैरेज हॉल में आयोजित उज्ज्वल भविष्य बचत एवं साख स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा में कही।
वित्तीय वर्ष 2026-27 की इस आमसभा में डीसीओ ने बेरोजगार युवाओं और छोटे उद्यमियों से सहकारी समिति से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि समिति की दैनिक जमा-वृद्धि व्यवस्था के तहत पात्र सदस्य नियमानुसार लघु ऋण प्राप्त कर स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। कारोबार से होने वाली आमदनी के जरिए ऋण की राशि समय पर लौटाने से संस्था और सदस्यों के बीच विश्वास तथा आर्थिक सहयोग की व्यवस्था मजबूत होगी।
15 साल से छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का दावा
मुख्य अतिथि विनीत कुमार ने समिति को आम लोगों में लघु बचत की आदत विकसित करने वाली संस्था बताते हुए कहा कि छोटे-छोटे उद्यमियों के लिए ऐसी संस्थाएं उपयोगी भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने संस्था के सचिव मनोज कुमार और पूरी कार्यकारिणी को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।
समिति के सचिव मनोज कुमार ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य सदस्यों के बीच बचत को बढ़ावा देना, छोटे ऋण के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। उनके अनुसार, समिति ने 15 वर्षों के कार्यकाल में सदस्यों को लगभग 4 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया है।
उन्होंने ऋण लेने वाले सदस्यों से समय पर राशि वापस करने की अपील करते हुए कहा कि ऋण की नियमित वापसी से समिति की आर्थिक व्यवस्था मजबूत होगी और दूसरे जरूरतमंद सदस्यों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।
नियमों के पालन पर दिया जोर
समिति के चीफ सीईओ गौतम कृष्ण ने संस्था के नियमानुसार संचालन के लिए गवर्निंग बॉडी के प्रति आभार जताया और समिति के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के सचिव मनोज कुमार ने की, जबकि संचालन समिति सदस्य ओपिन कुमार शर्मा और रामप्रवेश कुमार ने किया। इससे पहले समिति के सचिव मनोज कुमार और अध्यक्ष रिंकू देवी ने अतिथियों को बुके, चादर और उपहार देकर सम्मानित किया।
ये अधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
आमसभा में वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी प्रमोद मंडल, उग्रसेन कुमार, वरीय अंकेक्षक पदाधिकारी शमशेर अली, अंकेक्षण पदाधिकारी दानिश फरहान, अंकेक्षक पदाधिकारी राजा कुमार, तान्या कुमारी, निशांत कुमार, कार्यपालक सहायक पंकज कुमार, प्रेम कुमार और प्रधान लिपिक अंजनी कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
