पश्चिम चंपारण: पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा एनएच-727 पर बेतिया-लौरिया मार्ग में बनकटवा के समीप हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बनकटवा में एक घर में छठियार समारोह का आयोजन चल रहा था। समारोह के दौरान सड़क किनारे डीजे लगाकर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम कराया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद लोगों की भीड़ में जा घुसी। बस की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बस की टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल संभालने की कोशिश की और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही लौरिया थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
समारोह की खुशी मातम में बदली
छठियार समारोह के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कुछ देर पहले तक जहां समारोह में खुशी का माहौल था, वहीं हादसे के बाद वहां मातम पसर गया। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश भी है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में बस की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होकर भीड़ में घुसने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: वाल्मीकिनगर में मिला दुर्लभ ‘लॉन्ग-स्नाउटेड वाइन स्नेक’, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा!