राजस्थान: राजस्थान के भीलवाड़ा में एक पालतू गाय की मौत के बाद ऐसा भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को भावुक कर दिया। परिवार ने अपनी गाय गौरी को महज एक पशु नहीं, बल्कि घर के सदस्य की तरह माना और उसकी अंतिम विदाई भी पूरे सम्मान के साथ की। गौरी की मौत के बाद बैंड-बाजे, भजन-कीर्तन और फूलों से सजी गाड़ी के साथ उसकी अंतिम यात्रा निकाली गई।
फूलों से सजी गाड़ी, नई चुनरी ओढ़ाकर दी विदाई
बताया गया कि गौरी पिछले कुछ दिनों से बीमार थी। उसकी मौत के बाद परिवार ने मेवाड़ी परंपरा के अनुसार अंतिम यात्रा निकालने का फैसला किया। इसके लिए गाड़ी को फूल-मालाओं से सजाया गया और गौरी को नई चुनरी ओढ़ाई गई।
अंतिम यात्रा के आगे बैंड-बाजा बज रहा था, जबकि पीछे चल रहे लोग भजन गाते हुए ‘गौ माता की जय’ के नारे लगा रहे थे। यह दृश्य लोगों के लिए भावुक कर देने वाला था।
बस्ती के लोगों ने भी दी श्रद्धांजलि
गौरी की अंतिम यात्रा जब बस्ती की गलियों से गुजरी तो स्थानीय लोग अपने घरों के बाहर खड़े होकर उसे अंतिम विदाई देने लगे। कई महिलाओं ने गौरी को चुनरी ओढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। परिवार के प्रति लोगों ने संवेदना भी जताई।
वैदिक रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार, शोक सभा भी हुई
पूरे इलाके में अंतिम यात्रा निकालने के बाद कोठारी नदी के किनारे वैदिक रीति-रिवाज के साथ गौरी का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार की ओर से शोक सभा भी आयोजित की गई।
गौरी के प्रति परिवार और बस्ती के लोगों का यह लगाव बताता है कि पशु भी परिवार का हिस्सा बन जाते हैं। उनके साथ जुड़ी यादें और अपनापन उनके जाने के बाद भी लोगों के दिलों में बना रहता है।
ये खबर भी पढ़े: 100 साइकिलों पर निकली दूल्हे की बारात; न बैंड-बाजा, न लग्जरी कार, ‘राइड फॉर लव’ से दिया पर्यावरण का संदेश!