पटना: सिखों के पवित्र तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में इन दिनों बंदरों का उत्पात श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को बंदरों के हमले का सामना करना पड़ रहा है। ताजा घटना में मुंबई से आई एक महिला श्रद्धालु पर बंदरों के झुंड ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बंदरों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और शरीर के कई हिस्सों में काट लिया।
घटना 27 नवंबर 2026 की शाम करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच की बताई जा रही है। मुंबई निवासी हरदीप कौर मनकू अपने पति हरजिंदर सिंह मनकू के साथ पटना साहिब में दर्शन करने पहुंची थीं। दंपती गुरुद्वारा परिसर के कमरा नंबर 105 में ठहरे हुए थे। हरदीप कौर के अनुसार, जैसे ही वह कमरे से बाहर निकलीं, अचानक बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह घबरा गईं और खुद को बचाने की कोशिश करने लगीं।
महिला की आवाज सुनकर गुरुद्वारा के सेवादार मौके पर पहुंचे और उन्हें बंदरों से बचाया। इसके बाद घायल हरदीप कौर को इलाज के लिए पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
कमरे से बाहर निकलने में भी लग रहा डर
घटना के बाद हरदीप कौर काफी भयभीत हैं। उन्होंने बताया कि दर्शन के लिए आई थीं, लेकिन इस घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में कमरे से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। श्रद्धालुओं के लिए आस्था के इस प्रमुख केंद्र में ऐसी घटना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा रही है।
श्रद्धालुओं से लेकर दुकानदारों तक बंदरों से परेशान
बंदरों का उत्पात केवल गुरुद्वारा परिसर तक सीमित नहीं है। पटना सिटी के स्थानीय निवासी, फल और सब्जी विक्रेता भी इनसे परेशान हैं। कभी बंदर दुकानों से फल लेकर भाग जाते हैं तो कभी सब्जियों पर झपट्टा मारकर नुकसान पहुंचाते हैं। गुरुद्वारा परिसर में साफ-सफाई करने वाले कर्मचारियों को भी इनके कारण परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बंदरों की गतिविधियों से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
प्रकाश पर्व से पहले प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती
गौरतलब है कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। 13 से 15 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाले प्रकाश पर्व में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
ऐसे में पटना साहिब परिसर में बंदरों का बढ़ता उत्पात प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं, ताकि प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये खबर भी पढ़े: बनारसी टुडू के निधन से समाहरणालय में पसरा मातम, अधिकारियों-कर्मियों ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि!