पटना: बिहार की टेबल टेनिस प्रतिभा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी चमक बिखेरी है। फिलीपींस के प्यूर्टो प्रिंसेसा में आयोजित प्रतिष्ठित WTT यूथ कंटेंडर प्रतियोगिता में बिहार के युवा खिलाड़ी कुमार हर्षित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 मिश्रित युगल का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। हर्षित ने दिव्यांशी भौमिक के साथ जोड़ी बनाकर यह बड़ी कामयाबी हासिल की।
हर्षित की इस स्वर्णिम जीत से बिहार के खेल जगत में खुशी की लहर है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मिली यह सफलता न सिर्फ हर्षित के बढ़ते कद को दिखाती है, बल्कि राज्य के उन युवा खिलाड़ियों के लिए भी उम्मीद की नई किरण है, जो बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का सपना देख रहे हैं।
छात्रवृत्ति ने दिया हुनर को उड़ान
हर्षित की सफलता में राज्य सरकार की खेल छात्रवृत्ति योजना की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि हर्षित पिछले वर्ष ‘सक्षम’ खेल छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थी रहे हैं। योजना के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण और खेल उपकरण जैसी जरूरी सुविधाओं के साथ 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
लगातार बेहतर प्रदर्शन और उपलब्धियों को देखते हुए हर्षित का चयन इस वर्ष ‘उत्कर्ष’ खेल छात्रवृत्ति योजना के तहत 20 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति के लिए किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय जीत बनी नई उम्मीद
रवीन्द्रण शंकरण ने हर्षित की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सही प्रशिक्षण, पर्याप्त संसाधन और लगातार सहयोग मिलने पर बिहार के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
कुमार हर्षित का यह स्वर्ण पदक बिहार के टेबल टेनिस इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ता है। फिलीपींस में लहराया यह तिरंगा अब राज्य के दूसरे युवा खिलाड़ियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें हकीकत में बदलने का हौसला देगा।
ये खबर भी पढ़े: आरा में महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, गलत सिग्नल ने मचाई हलचल! इंजन-कोच पटरी से उतरे, स्टेशन मैनेजर सस्पेंड; कई ट्रेनें प्रभावित!